newspatnaबिहार

पटना में जेल से निकले रौशन आनंद, फैजल खान पर लगाए गंभीर आरोप

खान ग्लोबल स्टडीज विवाद मामले में जमानत मिलने के बाद बेउर जेल से बाहर आए ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। जेल से रिहा होने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत को साजिश करार देते हुए खान सर उर्फ फैजल खान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर.एस. प्रसाद पर निशाना साधा।

रौशन आनंद ने दावा किया कि उनके भाई की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि सोची समझी साजिश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब तक वह बाहर थे तब तक उनके भाई को कुछ नहीं हुआ, लेकिन उनके जेल जाने के बाद घटनाक्रम तेजी से बदला और प्रिंस यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच और नार्को टेस्ट कराने की मांग भी उठाई।

गौरतलब है कि 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने 3 जून को रौशन आनंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जमानत मिलने के बाद सोमवार को वे बेउर जेल से बाहर आए।

इस बीच रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनके चेहरे और आंख के पास चोट के निशान पाए गए थे। मामले की जांच के दौरान नेपाल पुलिस ने प्रिंस के साथ मौजूद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी।

नेपाल में कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रिंस यादव का शव बिहार लाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है और विभिन्न दलों के नेताओं द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

फिलहाल प्रिंस यादव की मौत की वास्तविक वजह का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जबकि रौशन आनंद द्वारा लगाए गए आरोपों ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।

Related Articles

Back to top button