newsदिल्लीराजनीति

संसद में धर्मेंद्र प्रधान का जोरदार स्वागत, NDA सांसदों ने लगाए ‘जिंदाबाद’ के नारे

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के दो दिन बाद सोमवार को धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचे, जहां एनडीए सांसदों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संसद के मकर द्वार पर पहले से मौजूद बीजेपी और सहयोगी दलों के सांसदों ने उन्हें पारंपरिक पाग पहनाकर सम्मानित किया और उनके साथ संसद भवन तक पहुंचे। इस दौरान संसद परिसर ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। स्वागत के बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

दूसरी ओर, धर्मेंद्र प्रधान के संसद पहुंचते ही विपक्ष ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों के सांसद तख्तियां लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने ‘शिक्षा चोरी’ के नारे लगाए और आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बचाने में विफल रही है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्ष के अन्य सांसदों ने संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए 20 जुलाई को नीट-यूजी पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग का मुद्दा उठाया। विपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में जवाब देने की मांग की।

मकर द्वार के पास हुए प्रदर्शन के दौरान विपक्षी सांसदों के हाथों में एक बड़ा बैनर भी दिखाई दिया, जिस पर लिखा था ‘वोट चोरी, पेपर चोरी, चंदा चोरी’। विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला, जबकि दूसरी ओर एनडीए सांसद धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में एकजुट नजर आए। संसद परिसर में दिनभर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button