newspatnarajnitiबिहार

बाढ़ और सियासत: तेजस्वी का बड़ा हमला, बोले- ‘नीतीश कुमार को कर दिया गया दरकिनार’

नीतीश दरकिनार, बाढ़ पर वार

पटना। बिहार में बाढ़ के गहराते संकट के बीच सियासी पारा भी उफान पर है। एक तरफ जहां गंगा के बढ़ते जलस्तर का जायजा लेने के बाद सम्राट चौधरी ने आज हवाई सर्वेक्षण और समीक्षा बैठक करने की बात कही है, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सूबे की बदहाल स्थिति को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार और केंद्र में केवल ‘जुमलेबाजों’ की सरकार चल रही है, जिन्हें जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्थिति पर सीधा तंज कसते हुए दावा किया कि कुछ लोगों ने मिलकर उन्हें दरकिनार कर दिया है। उन्होंने जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि यह पूरी मंडली मिलकर जदयू का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय कराने की फिराक में है। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जदयू पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

बाढ़ का नहीं निकाला कोई स्थायी समाधान

सूबे में बाढ़ के हालात पर चिंता जताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि धरातल पर स्थिति बेहद भयावह है। सरकार को तत्काल बचाव कार्य तेज करने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार इस आपदा का स्थायी समाधान (परमानेंट सॉल्यूशन) निकालने के पक्ष में ही नहीं हैं। बिना विजन की इस सरकार के कारण बिहार की जनता हर साल यह त्रासदी झेलने को विवश है। जीडीपी और अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत कई देशों से पिछड़ गया है। उन्होंने तंज कसा, “मोदी जी! रील और रियलिटी (वास्तविकता) में बहुत बड़ा फर्क होता है।” उनका आरोप है कि केंद्र सरकार रिजर्व बैंक (RBI) से हजारों करोड़ रुपये लेकर देश की अर्थव्यवस्था की केवल ‘गुलाबी तस्वीर’ पेश कर रही है।

बिजली बिल के नाम पर कट रही गरीबों की जेब

राज्य सरकार को ‘गरीब विरोधी’ और ‘झूठ बोलने वाली सरकार’ करार देते हुए तेजस्वी ने बिजली बिल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट फ्री बिजली देने का दावा हवा-हवाई है। पहले दरें बढ़ाई गईं और अब आम लोगों को भारी-भरकम बिल भेजकर गरीबों की जेब काटी जा रही है। अपने भावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वे जल्द ही अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का सघन दौरा करेंगे। वहां जमीनी हकीकत देखकर प्रभावितों से मिलेंगे और संबंधित अधिकारियों व मंत्रियों से बात कर राहत कार्यों का पूरा मुद्दा सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।

Related Articles

Back to top button