crimenewspatnaबिहार

जमुई में मनचलों पर खाकी का प्रहार: नाबालिग से छेड़खानी के मुख्य आरोपी नंदन का ‘हाफ एनकाउंटर’, साथी हरेराम गिरफ्तार

पटना। बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ सरेराह बदसलूकी और छेड़खानी करने वाले मनचलों पर पुलिस का कहर टूट पड़ा है। वायरल वीडियो के बाद चौतरफा दबाव और लोगों के आक्रोश को देखते हुए जमुई पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस शर्मनाक घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने ‘हाफ एनकाउंटर’ कर दिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर हमला कर भाग रहे नंदन के पैर में पुलिस की गोली लगी है, जबकि उसके दूसरे साथी हरेराम यादव को पुलिस ने धर दबोचा है। जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस गिरफ्त में आए दोनों आरोपी जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के निवासी हैं। दोनों पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं और इलाके में बालू ढोने का काम करते हैं। इसके अलावा पुलिस की तफ्तीश में यह बात भी सामने आई है कि दोनों शराब के अवैध धंधे से भी जुड़े रहे हैं। अब जमुई पुलिस इनके पुराने आपराधिक इतिहास का पूरा कच्चा-चिट्ठा खंगालने में जुट गई है।

बालू और शराब के अवैध धंधे में भी है संलिप्तता

मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी बीच पुलिस को मुख्य आरोपी नंदन यादव के ठिकाने की गुप्त सूचना मिली। जब पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस बल पर हमला कर दिया और मौके से भागने की कोशिश की। इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान नंदन के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। उसे तुरंत पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मामले के एक अन्य अहम आरोपी हरेराम यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विदित हो कि कुछ समय पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में चेहरे पर गमछा बांधे कुछ युवक एक नाबालिग लड़की और उसके साथ जा रहे युवक को बीच रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट और लड़की के साथ छेड़खानी करते दिखे थे। वीडियो सामने आते ही जिले में सनसनी फैल गई थी और आम लोगों में भारी आक्रोश था। पुलिस महकमे ने इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज की और एसआईटी का गठन किया था।

किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा: एसपी

एसपी विश्वजीत दयाल ने कड़े शब्दों में कहा है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। घटना में शामिल तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को पुलिस पहले ही निरुद्ध कर चुकी है। अब गिरफ्तार हरेराम और घायल नंदन से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और वीडियो में मौजूद अन्य चेहरों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून को हाथ में लेने वाले और सरेराह बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, सभी पर कानून का कड़ा डंडा चलेगा।

Related Articles

Back to top button