
पटना। बिहार में शराबबंदी कानून का कड़ाई से पालन कराने के लिए एक्शन मोड में आई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फेनहारा थाना क्षेत्र के गोविंदबरा गांव के समीप सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक टेम्पो से 240.6 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। पुलिस टीम की मुस्तैदी देखकर चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गोविंदबरा गांव के पास एक संदिग्ध टेम्पो पुलिस को देखकर अचानक रुक गया। पुलिस को अपनी ओर आता देख चालक घबरा गया और टेम्पो को सड़क पर ही लावारिस छोड़कर भाग निकला।संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उक्त टेम्पो की तलाशी ली, तो वाहन की डिक्की और छत पर विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 802 बोतल ‘नेपाली रिलैक्स’ शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल में 300 एमएल शराब थी।
पुलिस ने बरामद शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए गए टेम्पो (रजिस्ट्रेशन नंबर BR06PC9932) को तुरंत जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही शराब की यह खेप किस सिंडिकेट द्वारा लाई जा रही थी और इसे बिहार में कहां खपाने की तैयारी थी, पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।



