crimenewspatnaबिहार

सीवान में शराब तस्करों का दुस्साहस: विदेशी शराब से भरी लग्जरी टाटा हैरियर कार दुर्घटनाग्रस्त, 890 लीटर खेप बरामद

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। तस्कर लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में शराब तस्करों की एक बड़ी साजिश तब नाकाम हो गई, जब विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर जा रही एक तेज रफ्तार लग्जरी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बुधवार की देर रात हुए इस सड़क हादसे के बाद कार चला रहा तस्कर मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली तो उसके अंदर से 890 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली इस कार को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। घटना थाना क्षेत्र के नदुवां गांव के पास की है। बुधवार की रात करीब 10:40 बजे भगवानपुर हाट थाने की पुलिस टीम मलमलिया क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नदुवां गांव के समीप एक काले रंग की लग्जरी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उसमें भारी मात्रा में शराब लदी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। रात करीब 11:15 बजे जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। मौके पर काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली टाटा हैरियर कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थी। पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कार का चालक या शराब तस्करी में शामिल कोई अन्य व्यक्ति वहां नहीं मिला। अंधेरे का फायदा उठाकर वे भागने में सफल रहे।

कार में ठसाठस भरी थी शराब, फट गए कार्टन

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी शुरू की। कार के अंदर बड़ी मात्रा में ‘ऑफिसर्स चॉइस’ ब्रांड की विदेशी शराब ठसाठस भरी हुई थी। हादसे की वजह से शराब के कई कार्टन फट गए थे और बड़ी संख्या में टेट्रा पैक कार के अंदर और सड़क पर बिखरे पड़े थे। पुलिस के अनुसार, बैच संख्या 180 की 76 पेटियों में कुल 3648 टेट्रा पैक मिले। इनमें 656.640 लीटर शराब थी। वहीं, बैच संख्या 176 के 1300 टेट्रा पैक फटे हुए कार्टन से बाहर बिखरे हुए पाए गए, जिनकी कुल मात्रा 234 लीटर बताई गई है। इस प्रकार, पुलिस ने कुल 4948 टेट्रा पैक बरामद किए, जिनमें कुल 890.640 लीटर विदेशी शराब मौजूद थी।

चेचिस और इंजन नंबर से हो रही मालिक की तलाश

भगवानपुर हाट के थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जो यह दर्शाता है कि तस्करों ने पुलिस से बचने की पूरी योजना बनाई थी। अब पुलिस कार के चेचिस और इंजन नंबर के आधार पर वाहन के वास्तविक मालिक का पता लगाने में जुटी हुई है। इसके साथ ही फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आशंका है कि यह खेप किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन की जब्ती सूची तैयार कर भगवानपुर हाट थाना में कांड संख्या 429/26 दर्ज कर ली है। बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है ताकि माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button