newspatnarajnitiहादसा

बाढ़ में डूबे युवक का शव मिला, परिजनों को 4 लाख की मदद; जंगली सूअर के हमले में बच्ची की मौत से दियारा में दहशत

दियारा इलाके में बाढ़ के बीच शुक्रवार को डूबे मानस निवासी रविशेखर सुधांशु का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद राज्य सरकार की आपदा राहत योजना के तहत मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने मृतक की पत्नी सरोज देवी को चार लाख रुपये का चेक सौंपा।

मंत्री ने कहा कि आपदा की इस मुश्किल घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों तक जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जंगली सूअर के हमले में 7 साल की बच्ची की मौत

दियारा क्षेत्र के हेतनपुर में जंगली सूअर के हमले में घायल सात वर्षीय राधा कुमारी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री रामकृपाल यादव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और बच्ची के परिजनों से मुलाकात की।

मंत्री ने वन विभाग के रेंजर को इलाके में घूम रहे जंगली सूअरों को पकड़ने के लिए जल्द कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के पानी के साथ जंगली सूअर भी आबादी वाले इलाकों की ओर पहुंच गए हैं और इनके हमले में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

अंचल और वन विभाग की ओर से 20-20 हजार रुपये की मदद

पूर्व मुखिया कन्हाई राय के अनुसार, बच्ची के परिवार को तत्काल राहत के तौर पर अंचल कार्यालय से 20 हजार रुपये और वन विभाग की ओर से भी 20 हजार रुपये का चेक दिया गया है।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद डॉ. मीसा भारती भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जताई और वन विभाग के अधिकारियों से जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

बाढ़ से प्राकृतिक ठिकानों में पानी, आबादी की ओर आ रहे जानवर

मीसा भारती ने कहा कि राघोपुर दियारा, दानापुर और मनेर के दियारा क्षेत्रों में पहले से जंगली सूअर पाए जाते हैं। बाढ़ के कारण उनके प्राकृतिक ठिकानों में पानी भर गया है, जिसके चलते वे सुरक्षित और सूखे स्थानों की तलाश में आबादी की ओर आ रहे हैं।

उन्होंने वन विभाग से तय प्रोटोकॉल के तहत जंगली सूअरों को पकड़ने की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि आगे किसी की जान खतरे में न पड़े।

अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठा

मीसा भारती ने अनुमंडलीय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल का भवन बड़ा है, लेकिन लंबे समय से डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। मरीजों और उनके परिजनों की ओर से अस्पताल की व्यवस्था को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं।

सांसद ने कहा कि इस मामले को लेकर वह जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात करेंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल आम लोगों के लिए बेहद जरूरी हैं, क्योंकि हर व्यक्ति निजी अस्पताल में महंगा इलाज कराने की स्थिति में नहीं होता।

Related Articles

Back to top button