
पटना। बिहार की राजनीति में अपने ठेठ अंदाज, बेबाक बयानों और दबंग छवि के लिए मशहूर मोकामा के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक अनंत सिंह एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उनकी चर्चा का कारण कोई सियासी दांव-पेंच नहीं है, बल्कि युवाओं के बीच मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के साथ उनकी बातचीत का एक कथित वीडियो है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म्स पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो कॉल में यह दावा किया जा रहा है कि एल्विश यादव ने मोकामा के ‘छोटे सरकार’ को मायानगरी मुंबई आने का खास न्योता दिया है।इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहे इस वीडियो क्लिप में अनंत सिंह और एल्विश यादव को आमने-सामने वीडियो कॉल पर बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के दावों के अनुसार, इस डिजिटल मुलाकात के दौरान एल्विश यादव ने अनंत सिंह के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि वह जब भी बिहार आएंगे, तो उनसे जरूर मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही, बातों-बातों में एल्विश ने बाहुबली विधायक को मुंबई आने का आमंत्रण भी दे डाला। एल्विश यादव युवाओं के बीच अपने ‘सिस्टम’ वाले डायलॉग के लिए जाने जाते हैं, जबकि अनंत सिंह का अपना एक अलग ‘भौकाल’ है। दोनों को एक साथ बात करते देख सोशल मीडिया यूजर्स भी खासे हैरान और रोमांचित हैं। हालांकि, दैनिक जागरण इस वायरल वीडियो की सत्यता और इसके समय की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया पर ‘छोटे सरकार’ का जलवा
गौरतलब है कि अनंत सिंह का कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो जाता है। उनकी हर अदा पलक झपकते ही इंटरनेट पर छा जाती है। हाल ही में उनका एक और वीडियो काफी चर्चा में रहा था, जिसमें वह अपने बिस्तर पर लेटे नजर आ रहे थे और एक पुजारी उनके माथे पर तिलक लगा रहे थे। इसके अलावा, डिजिटल क्रिएटर विपुल ठाकुर के साथ उनका एक वाकया भी खूब देखा गया। विपुल ठाकुर ने पिछले दिनों अनंत सिंह से खास मुलाकात की थी और उनके ही सामने, उन्हीं की भारी आवाज और स्टाइल में उनके मशहूर डायलॉग बोले थे। अपनी हू-ब-हू नकल देखकर अमूमन गंभीर रहने वाले अनंत सिंह भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके थे। वहां मौजूद समर्थकों ने जमकर तालियां बजाईं और इस मजेदार पल का पूरा आनंद लिया।
सियासी हलकों में भी मची थी खलबली
मनोरंजन और सोशल मीडिया से इतर, अनंत सिंह इन दिनों बिहार के सियासी गलियारों में भी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी चुनाव) को लेकर उनके रुख ने जदयू के भीतर गहरी हलचल पैदा कर दी थी। इस सीट से अनंत सिंह की अपनी पार्टी जदयू ने वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन अनंत सिंह ने बागी तेवर अपनाते हुए प्रशांत किशोर के ‘जन सुराज’ समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह का खुला समर्थन कर दिया।उन्होंने अनुज सिंह के पक्ष में खुलकर चुनाव प्रचार भी किया। अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ जाने से जदयू के भीतर भारी विवाद की स्थिति बन गई थी। मामला बढ़ता देख डैमेज कंट्रोल के लिए खुद केंद्रीय मंत्री और जदयू के कद्दावर नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को हस्तक्षेप करना पड़ा। ललन सिंह ने अनंत सिंह से मुलाकात कर गिले-शिकवे दूर करने और मामले को सुलझाने की पूरी कोशिश की थी।बहरहाल, सियासी उठापटक के इस दौर के बीच एल्विश यादव के साथ अनंत सिंह की बातचीत का यह कथित वीडियो बिहार के सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा का नया विषय बन गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भविष्य में सचमुच ‘सिस्टम’ और ‘छोटे सरकार’ की आमने-सामने की मुलाकात होती है या नहीं।



