crimenewspatnaबिहार

प्यार के नाम पर जिस्म का सौदा: शादी का झांसा देकर प्रेमी ने युवती को कोलकाता के रेड लाइट एरिया में बेचा

पटना। प्यार पर अंधे भरोसे और धोखे का एक खौफनाक अंजाम पूर्वी चंपारण जिले में सामने आया है। यहां एक सिरफिरे प्रेमी ने शादी का झांसा देकर अपनी ही प्रेमिका को कोलकाता के कुख्यात रेड लाइट एरिया में बेच दिया। महज दो लाख तीस हजार रुपये के लालच में उसने अपनी प्रेमिका का ‘जिंदा’ सौदा कर दिया। लेकिन, उस नरक से लड़की द्वारा अपनी मां को की गई एक दर्दभरी कॉल ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। सूचना मिलते ही हरकत में आई मोतिहारी पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पोशीपारा स्थित रेड लाइट एरिया में सादे लिबास में ‘ग्राहक’ बनकर प्रवेश किया और फिल्मी अंदाज में छापेमारी कर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।

बहन की ससुराल में हुआ था प्यार, फिर रची साजिश

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला केसरिया थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक युवती का मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित शाहपुरपट्टी निवासी रोहित कुमार के साथ पिछले करीब तीन महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रोहित की बहन की ससुराल युवती के ही गांव में है, जिसके कारण उसका वहां आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं। रोहित ने युवती को शादी के सुनहरे सपने दिखाए। प्यार में अंधी हो चुकी बालिग युवती अपना घर-परिवार छोड़कर उसके साथ जाने को तैयार हो गई। गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार ने पुलिस की कड़ी पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि योजना के तहत उसने प्रेमिका को घर से भागने के लिए राजी किया और रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां रोहित के दो साथी पहले से मौजूद थे। रोहित ने बहाना बनाकर प्रेमिका को उन साथियों के साथ कोलकाता की ट्रेन में बैठा दिया और वादा किया कि वह पीछे से आ जाएगा। कोलकाता पहुंचते ही उस बेबस लड़की को पोशीपारा स्थित रेड लाइट एरिया ले जाया गया और वहां कथित तौर पर 2 लाख 30 हजार रुपये में बेच दिया गया।

‘हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी…

रेड लाइट एरिया की भयावह दुनिया में फंसी बेटी ने किसी तरह छुपकर अपनी मां को फोन किया। उसने रोते हुए कहा, “हेलो मां, बचा लो नहीं तो मर जाऊंगी। मुझे रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया है।” बेटी की चीख सुनकर मां बदहवास हालत में केसरिया थाने पहुंची और थानाध्यक्ष राहुल कुमार से बेटी की जान बचाने की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात को घटना से अवगत कराया गया। एसपी के सख्त निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित हुई। टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर रातों-रात कोलकाता पहुंची। पोशीपारा की संकरी गलियों में लड़की को खोजना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू ने सूझबूझ का परिचय दिया और खुद ‘ग्राहक’ बनकर उस इलाके में पहुंचे। वहां उन्होंने इशारों में युवती की पहचान की। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर युवती को सुरक्षित निकाल लिया गया। कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस टीम युवती को मोतिहारी ले आई और मेडिकल व काउंसलिंग के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी रोहित ने मुजफ्फरपुर निवासी पंकज और प्रिंस तथा पूर्णिया की सोनी नामक महिला का खुलासा किया है। पुलिस का मानना है कि सोनी ही इस सौदे की मुख्य कड़ी हो सकती है। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मानव तस्करी रैकेट को जड़ से खत्म करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एसआई मनोज ठाकुर और एसआई कोमल कुमारी की भूमिका भी अहम रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button