crimenewspatnaबिहार

खाद की किल्लत पर सरकार सख्त, कृषि निदेशक ने लगाई क्लास: जांच के लिए 6 टीमें गठित

मोतिहारी। जिले में खाद की किल्लत को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और किसान कॉल सेंटर पर मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग पूरी तरह एक्शन में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को बिहार के कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल ने मोतिहारी पहुंचकर जिला कृषि कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले के कृषि अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और पूरे जिले में खाद वितरण प्रणाली की सघन जांच के लिए छह विशेष टीमों का गठन कर दिया।समीक्षा बैठक में कृषि निदेशक ने दो टूक शब्दों में कहा कि किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी, कृत्रिम किल्लत (जमाखोरी) या वितरण में अनियमितता पाई गई, तो संबंधित दोषियों और दुकानदारों के खिलाफ सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि निदेशक ने नवगठित सभी छह जांच टीमों को तत्काल अपने-अपने क्षेत्रों में सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इन टीमों को खाद दुकानों, गोदामों और वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण कर 48 घंटे के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपनी होगी।जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) मनीष कुमार सिंह ने बताया कि निदेशक के कड़े निर्देश के तुरंत बाद जिले भर में खाद प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण और छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है। शनिवार को हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में तिरहुत प्रमंडल के संयुक्त कृषि निदेशक और जिले के सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारी भी मौजूद रहे। डीएओ ने आश्वस्त किया है कि 48 घंटे बाद जांच रिपोर्ट आते ही गड़बड़ी करने वाले थोक और खुदरा विक्रेताओं पर आगे की कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button