बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने जलवायु परिवर्तन को लेकर गहरी चिंता जताई

पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन को लेकर चिंता व्यक्त की है। रविवार को जारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पटना का तापमान फिलहाल 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा की यह केवल बिहार या भारत की समस्या नहीं है, बल्कि संपूर्ण विश्व आज जलवायु संकट से जूझ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पृथ्वी का तापमान मात्र एक डिग्री और बढ़ गया तो आने वाले समय में धरती पर जीना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
विजय कुमार चौधरी ने याद दिलाया कि वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई थी और तब से लगातार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कई पहल की जा रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का भी जिक्र किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों से आह्वान किया है कि वाहनों का उपयोग केवल जरूरत के अनुसार करें। जितना कम कार्बन उत्सर्जन होगा, उतना ही यह मानव जीवन और पृथ्वी दोनों के लिए हितकारी होगा। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
1 प्रतिशत ग्रीन टैक्स का प्रस्ताव
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने यह भी जानकारी दी कि ग्रीन इनिशिएटिव और जलवायु संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कुछ सेवाओं के रजिस्ट्रेशन पर 1 प्रतिशत का अतिरिक्त टैक्स लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस मद से प्राप्त राशि का उपयोग पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जलवायु संतुलन बनाए रखने के कार्यों में किया जाएगा।
उन्होंने नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर सक्रिय और गंभीर रहे हैं। नीतीश कुमार का प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।



