newspatnaबिहार

मनरेगा भुगतान के एवज में 12 हजार की रिश्वत लेते मुखिया रंगे हाथ गिरफ्तार

जहानाबाद। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के मुखिया को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मुखिया पर मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्य के भुगतान के एवज में कमीशन मांगने का आरोप है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोखमा निवासी प्रमोद कुमार ने मनरेगा योजना के तहत काम कराया था। कार्य पूरा होने के बाद जब उन्होंने भुगतान की गुहार लगाई, तो मुखिया द्वारा कथित तौर पर 12 हजार रुपये की मांग की गई। बार-बार पैसे मांगे जाने से परेशान होकर प्रमोद कुमार ने निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई।शिकायत प्राप्त होते ही निगरानी विभाग की टीम ने त्वरित संज्ञान लिया। विभाग ने सबसे पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया।

आरोपों की सत्यता प्रमाणित होने के बाद गिरफ्तारी की पुख्ता रणनीति तैयार की गई। योजना के मुताबिक, टीम ने शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम के साथ मुखिया के पास भेजा। नेहालपुर के समीप जैसे ही मुखिया ने शिकायतकर्ता से घूस के 12 हजार रुपये अपने हाथों में लिए, पहले से मुस्तैद निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। मौके पर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर टीम आरोपित को अपने साथ ले गई। निगरानी की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद से जिले के पंचायत प्रतिनिधियों व संबंधित महकमे में हड़कंप व्याप्त है। गिरफ्तार मुखिया से गहन पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button