देश

भिवंडी इमारत हादसा: 4 मंजिला बिल्डिंग ढहने से 8 की मौत, मरम्मत ने ली जान

भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित बालाजी नगर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां कोहिनूर अपार्टमेंट (बी-विंग) की चार मंजिला इमारत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे मलबे में दबकर 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आए अधिकारियों और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।जानकारी के अनुसार, यह इमारत नारपोली स्थित भंडारी कंपाउंड के गंगाराम वाड़ी इलाके में थी। भिवंडी निजामपुर शहर नगर निगम (BNCMC) ने इस इमारत को पहले ही अत्यंत जर्जर और खतरनाक (सी-कैटेगरी) घोषित कर दिया था। निगम की ओर से कई बार नोटिस जारी कर निवासियों को इमारत खाली करने के निर्देश दिए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ग्राउंड फ्लोर पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुछ पिलर तोड़े गए, जिससे इमारत की संरचना और नींव कमजोर पड़ गई और इमारत का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया।हादसे के समय कुछ मजदूर इमारत के अंदर काम कर रहे थे, जबकि कुछ लोग अपना सामान निकालने के लिए वहां पहुंचे थे।

पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें भारी पोक्लेन मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीम ने मलबे से कुछ लोगों को जीवित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्पष्ट किया है कि जब तक पूरा मलबा नहीं हटा लिया जाता, तब तक बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी रहेगा। साथ ही स्थानीय लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button