newspatnaबिहारमौसम

राघोपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, खुद परोसा खाना और जाना हाल-चाल

पटना। बिहार में बाढ़ के रौद्र रूप के बीच केंद्रीय मंत्री सह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जमुई सांसद चिराग पासवान शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरायपुर पंचायत में सैकड़ों प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया तथा गंगा ब्रिज थाना के पास बनाए गए राहत शिविर का जायजा लिया।केंद्रीय मंत्री ने सरायपुर पंचायत में बाढ़ से बेहाल हुए परिवारों को राहत पहुँचाते हुए उन्हें चूड़ा, गुड़ और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बाढ़ पीड़ित मदद से वंचित न रहे और प्रशासन खुद जरूरतमंदों के दरवाजे तक पहुंचकर राहत पहुँचाए।

भविष्य की तबाही रोकने के लिए बनेगा पुख्ता रोडमैप

राहत शिविर के निरीक्षण के दौरान चिराग पासवान ने एक संवेदनशील पहल करते हुए सामुदायिक रसोई में बाढ़ पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसा। इसके बाद उन्होंने किसी वीआईपी प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए आम पीड़ितों के साथ जमीन पर बैठकर उनके साथ ही भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाढ़ की विभीषिका के बीच लोगों की जिंदगी बेहद दयनीय हो गई है, और जमीनी स्तर पर हालात देखकर इस आपदा की गंभीरता का सही अंदाजा हुआ है।बाढ़ पीड़ितों का ढांढस बंधाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस आपदा को लेकर उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी दूरभाष पर विस्तार से चर्चा हुई है। सरकार की ओर से पीड़ितों को हरसंभव सहायता मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी से उबरने के बाद सरकार के साथ मिलकर एक ऐसा दीर्घकालिक रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिससे भविष्य में बिहार को बार-बार ऐसी भयावह बाढ़ की तबाही न झेलनी पड़े।

Related Articles

Back to top button