
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जन सुराज के नेता और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पीके लगातार अलग-अलग इलाकों का दौरा कर रहे हैं और स्थानीय लोगों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों से चुनाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने साफ कर दिया है कि जन सुराज पार्टी बिहार विधान परिषद की सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन चल रहा है और जल्द ही प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
कार्यकर्ताओं से लिया जा रहा संभावित उम्मीदवारों पर फीडबैक
प्रशांत किशोर ने बताया कि पार्टी की बैठकों में आगामी MLC चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संभावित उम्मीदवारों के नामों पर सुझाव लिए जा रहे हैं। पार्टी यह जानने की कोशिश कर रही है कि स्थानीय स्तर पर किन चेहरों को जनता और कार्यकर्ताओं का बेहतर समर्थन हासिल है।
मुजफ्फरपुर में हुई बैठक में सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के जन सुराज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बैठक के दौरान तिरहुत शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच पहुंच और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई।
साफ छवि और जनसमर्थन वाले चेहरों को मिलेगा मौका
पीके के मुताबिक, जिस व्यक्ति के पक्ष में कार्यकर्ताओं और आम लोगों का समर्थन ज्यादा होगा और जिसकी छवि साफ होगी, उसे पार्टी की ओर से MLC चुनाव में मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो से चार दिनों के भीतर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
जन सुराज पहले ही बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला कर चुकी है। पार्टी का दावा है कि उसके कार्यकर्ता और समर्थक पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं।
प्रशांत किशोर भी लगातार संगठन की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से फीडबैक जुटा रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि जन सुराज किन चेहरों को MLC चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाती है।



