
बिहार में लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आंधी और बारिश की वजह से कई जिलों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान परेशान हैं। इसी बीच राज्य सरकार ने किसानों को राहत देने का भरोसा दिया है। आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने कहा है कि सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई करेगी और जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री ने बताया कि जिन इलाकों में बारिश और तेज हवाओं से फसल या संपत्ति का नुकसान हुआ है, वहां सर्वे कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि नुकसान का आकलन तेजी से पूरा करें, ताकि प्रभावित किसानों तक जल्द राहत पहुंच सके। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद सहायता राशि जारी की जाएगी।
गर्मी के मौसम में हुई तेज बारिश ने बिहार के कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। गुरुवार को सबसे ज्यादा 54.2 मिमी बारिश बांका में दर्ज की गई। वहीं पूर्वी चंपारण और मुंगेर में 42.2 मिमी, जमुई में 40.4 मिमी, बेगूसराय में 38.8 मिमी और पटना के पूर्वी हिस्से में 36.02 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कटिहार, शेखपुरा, लखीसराय, सारण और नवादा समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने 15 मई को भी बिहार के कई जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीवान और गोपालगंज में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं किशनगंज, अररिया, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में भी बारिश के आसार जताए गए हैं। विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब हो सकता है।



