बिहार

ऑटो पकड़ना अब झंझट नहीं, पटना जंक्शन के टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर गेट से मिलेगी पूरी जानकारी

पटना, 29 दिसंबर। राजधानी पटना में अब ऑटो पकड़ना यात्रियों के लिए आसान हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार के तहत राजधानी के सभी ऑटो स्टैंड को हाईटेक बनाने का काम तेज़ी से किया जा रहा है। इसी क्रम में पटना जंक्शन के समीप स्थित टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

अब पटना जंक्शन पर आने वाले यात्रियों को किसी इलाके में जाने के लिए ऑटो चालकों या अन्य लोगों से पूछताछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर रूट निर्धारित बोर्ड लगाए गए हैं, जिनसे यात्रियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि किस गेट से किस इलाके के लिए ऑटो उपलब्ध है।

माइकिंग के जरिए 24 घंटे मिल रही रूट की जानकारी

यात्रियों को और बेहतर सुविधा देने के लिए टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर माइकिंग सिस्टम भी बहाल किया गया है। इसके जरिए 24 घंटे यह घोषणा होती रहेगी कि किस गेट से किन-किन इलाकों के लिए ऑटो सेवा उपलब्ध है। इससे यात्रियों को सही जगह से ऑटो पकड़ने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

प्रीपेड ऑटो बूथ की सुविधा शुरू

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटा पार्क ऑटो स्टैंड पर पूर्ण प्रीपेड ऑटो बूथ का संचालन भी शुरू कर दिया गया है। इससे विशेष रूप से रात के समय यात्रियों को रिजर्व ऑटो सेवा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इसके लिए एक अलग व्यवस्था तैयार की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और पारदर्शी सेवा मिल सके।

जानकारी के अनुसार हाल ही में पटना एयरपोर्ट पर भी प्रीपेड ऑटो बूथ शुरू किया गया है। आने वाले दिनों में फुलवारीशरीफ, राजेंद्र नगर, दानापुर स्टेशन समेत अन्य स्थानों पर भी इस सुविधा को लागू करने की तैयारी की जा रही है।

टाटा पार्क से रोजाना 25 हजार से अधिक यात्री करते हैं सफर

गौरतलब है कि पटना जंक्शन के पास स्थित टाटा पार्क ऑटो स्टैंड से रोजाना 25 हजार से अधिक यात्री ऑटो सेवा का उपयोग करते हैं। बीते मई महीने में यात्रियों की सुविधा के लिए पटना जंक्शन पर मल्टी मॉडल हब की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत अंडरग्राउंड सब-वे के जरिए यात्रियों को पटना जंक्शन और टाटा पार्क आने-जाने की सुविधा मिल रही है।

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी, पटना उपेंद्र पाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए टाटा पार्क गेट से ही यह जानकारी उपलब्ध रहेगी कि किन-किन इलाकों के लिए ऑटो सेवा संचालित हो रही है। रूट बोर्ड और माइकिंग व्यवस्था से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में राजधानी के सभी ऑटो स्टैंड गेट पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button