
शिक्षा के मंदिर में गुरु और शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना पूर्वी चंपारण जिले से सामने आई है। जिस शिक्षक पर समाज को दिशा दिखाने और नौनिहालों का भविष्य संवारने की नैतिक जिम्मेदारी थी, उसी ने एक नाबालिग छात्रा की जिंदगी से खिलवाड़ कर दिया। जिले के पताही प्रखंड स्थित एक सरकारी विद्यालय में पदस्थापित बीपीएससी (BPSC) शिक्षक पर अपने ही स्कूल की एक नाबालिग छात्रा को प्रेम प्रसंग में फंसाकर और शादी का प्रलोभन देकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से स्थानीय लोगों, अभिभावकों और शिक्षा जगत में भारी आक्रोश व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग छात्रा पताही प्रखंड के उसी विद्यालय में अध्ययनरत थी, जहां आरोपी शिक्षक प्रशांत कुमार पांडेय कार्यरत है। शिक्षक ने अपने पद की गरिमा को ताक पर रखते हुए मासूम छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने उसे शादी के सुनहरे सपने दिखाए और बहला-फुसलाकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं। करीब एक वर्ष पूर्व, जब छात्रा के परिजनों को इस अनुचित संबंध की भनक लगी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। समाज में बदनामी और लोकलाज के डर से परिजनों ने पुलिस या प्रशासन से शिकायत करने के बजाय मामले को पारिवारिक स्तर पर ही सुलझाने का निर्णय लिया। उन्होंने आरोपी शिक्षक प्रशांत कुमार पांडेय को बुलाकर काफी समझाया-बुझाया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी भी दी थी।
पढ़ाई छुड़वाई, दूर ननिहाल भेजा, फिर भी नहीं माना BPSC शिक्षक
मामला तूल न पकड़े और बेटी को आरोपी शिक्षक के चंगुल से हमेशा के लिए दूर किया जा सके, इसके लिए परिजनों ने एक सख्त कदम उठाया। उन्होंने बीच में ही छात्रा की पढ़ाई छुड़वा दी और उसे पूर्वी चंपारण से दूर शिवहर जिले में स्थित उसके ननिहाल भेज दिया। परिजनों को पूरी उम्मीद थी कि स्थान बदलने और दूरियां बढ़ने से यह मामला धीरे-धीरे शांत हो जाएगा और उनकी बेटी सुरक्षित रहेगी। लेकिन, आरोपी शिक्षक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और मोबाइल फोन के जरिए लगातार उस नाबालिग छात्रा के संपर्क में बना रहा। वह दूर रहकर भी उसे शादी का झांसा देकर बहकाता रहा।परिजनों की तमाम कोशिशों पर उस वक्त पानी फिर गया, जब बीते दिनों छात्रा शिवहर स्थित अपने ननिहाल के पास के बाजार में किसी काम से गई हुई थी। इसी दौरान, आरोपी शिक्षक प्रशांत कुमार पांडेय ने पहले से रची गई साजिश के तहत मौका पाकर बाजार से ही उस नाबालिग का अपहरण कर लिया। छात्रा के देर तक घर नहीं लौटने पर ननिहाल और उसके पैतृक घर में कोहराम मच गया। इसी बीच, आरोपी शिक्षक ने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए खुद छात्रा की मां के मोबाइल पर फोन किया। उसने इत्मीनान से बताया कि उनकी बेटी अब पूरी तरह से उसके पास है और सुरक्षित है।
किडनैप कर ले गया BPSC टीचर
शिक्षक के इस फोन कॉल ने परिजनों के सब्र का बांध तोड़ दिया। लोकलाज को दरकिनार करते हुए पीड़ित परिवार ने तत्काल शिवहर थाने का रुख किया। वहां पहुंचकर उन्होंने आरोपी शिक्षक प्रशांत कुमार पांडेय के खिलाफ शादी की नीयत से नाबालिग बेटी का अपहरण करने की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। शिवहर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी और अपहृत नाबालिग छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पताही प्रखंड में ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से आरोपी शिक्षक पर तत्काल विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।



