
पटना। राजधानी पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर शुक्रवार को पीएमसीएच के समीप उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब एक चलती कार अचानक धू-धू कर जल उठी। यह कार मरीन ड्राइव के रास्ते पटना सिटी की ओर जा रही थी। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, कार जैसे ही जेपी गंगा पथ से गुजर रही थी, उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कार से तेज लपटों के साथ धुएं का गहरा गुबार उठने लगा। बीच सड़क पर इस खौफनाक मंजर को देखकर वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
देखते ही देखते उठने लगीं तेज लपटें
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम फौरन हरकत में आई। आग की भयावहता को देखते हुए घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियों को भेजा गया। अग्निशमन कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पानी की बौछार शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। हालांकि, जब तक आग बुझती, कार का एक बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। आग लगने के स्पष्ट कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आशंका जता रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ होगा। बीच सड़क पर कार धू-धू कर जलने के कारण जेपी गंगा पथ पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित रही। आग बुझने के बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने जली हुई कार को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।



