
मोतिहारी। ऐतिहासिक धरती मोतिहारी में आयोजित ‘बापूधाम महोत्सव’ के अवसर पर जिले को विकास की कई बड़ी सौगातों से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान जिले में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कुल 285 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास व आधारशिला रखी गई।जिले के समग्र शहरी विकास को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के लिए 78 करोड़ रुपये की योजनाओं को हरी झंडी दिखाई गई। स्वीकृत कार्ययोजना के तहत शहर के सभी 46 वार्डों में विकास कार्यों के निष्पादन हेतु प्रति वार्ड लगभग सवा-सवा करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। इस पहल से नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार में तेजी आएगी।मोतिहारी में विज्ञान व खगोलिकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बहुप्रतीक्षित तारामंडल परियोजना की आधारशिला रखी गई। इसके बनने से स्कूली व कॉलेज स्तर के छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त होगा। साथ ही हवाई अड्डे के निकट स्थित होमगार्ड मैदान में नए केंद्रीय विद्यालय के निर्माण की भी नींव रखी गई, जिससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे।उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार हेतु होमगार्ड मैदान परिसर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना प्रक्रिया को गति दी गई, जिससे पूर्वी चंपारण समेत आसपास के इलाकों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। वहीं युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एमएस कॉलेज परिसर में 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक खेल स्टेडियम का शिलान्यास किया गया। इस स्टेडियम के तैयार होने से जिले के खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उच्च कोटि का मंच मिलेगा।



