crimenewspatnaबिहार

मोतिहारी में शराब माफिया पर बड़ा प्रहार: काली थार से 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, गन्ने के खेत से फरार हुए तस्कर

मोतिहारी। जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने और शराब माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पूर्वी चंपारण पुलिस लगातार बड़ी कार्रवाइयां कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इलाके की सड़कों पर फर्राटे भर रही एक संदिग्ध काली महिंद्रा थार से पुलिस ने 180 लीटर (20 कार्टन) अंग्रेजी शराब का जखीरा बरामद किया है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शातिर तस्कर अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़कर गन्ने के खेतों का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहे। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है और तस्करों की तलाश में जुट गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को अपने गुप्त सूत्रों से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक काली थार गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर- BR 05 BU 3412) में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक विमलेन्दु के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस संयुक्त अभियान में संग्रामपुर पुलिस ने भी अपनी अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर इलाके में संदिग्ध वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी।

गन्ने के खेत से फरार हुए तस्कर

कुछ ही देर बाद पुलिस की नाकेबंदी देखकर थार सवार तस्करों में हड़कंप मच गया। खुद को चारों तरफ से खाकी वर्दी से घिरता देख, धंधेबाजों ने भागने में ही अपनी भलाई समझी। तस्करों ने गाड़ी को मौके पर ही रोका और वाहन को लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क के किनारे पानी से भरे खेत और गन्ने की घनी फसल खड़ी थी। तस्करों ने इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाया और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर गन्ने के खेतों के रास्ते ओझल हो गए।

थार से 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

तस्करों के भागने के बाद पुलिस ने जब थार की तलाशी ली, तो डिक्की के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। गाड़ी के अंदर से 20 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 180 लीटर आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत शराब और महिंद्रा थार को जब्त कर लिया। बिहार में शराब तस्करी के लिए अब लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल माफियाओं का नया चलन बन गया है, ताकि पुलिस को शक न हो।इस संबंध में मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब जब्त की गई थार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर इसके असली मालिक और इस खेल के पीछे छुपे सिंडिकेट का पता लगाने में जुटी है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी और संयुक्त कार्रवाई से इलाके के शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button