
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही अपना आवास बदल सकते हैं। माना जा रहा है कि वे आज ही 7 सर्कुलर रोड स्थित नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं। इस मौके पर आवास को फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं करीब दो दशकों तक सत्ता का केंद्र रहा 1 अणे मार्ग अब खाली होने की तैयारी में है।
नीतीश कुमार कई बार नए आवास का निरीक्षण कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह भी ट्रैक्टर के जरिए घरेलू सामान—जैसे गमले, कुर्सियां, कपड़े रखने के स्टैंड और अन्य सामान—यहां पहुंचाए गए। इससे पहले भी कई बार सामान शिफ्ट किया जा चुका है, जिससे साफ है कि स्थानांतरण की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
बताया जाता है कि 7 सर्कुलर रोड का यह बंगला खुद नीतीश कुमार की निगरानी में तैयार हुआ था। 2014 में लोकसभा चुनाव के बाद जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था और जीतन राम मांझी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब वे इसी आवास में रहते थे। बाद में दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर वे फिर 1 अणे मार्ग लौट गए थे। अब राज्यसभा सांसद बनने के बाद एक बार फिर इसी आवास में जाने की तैयारी है।
यह नया बंगला पटना के हाई-सिक्योरिटी वीआईपी इलाके में स्थित है। चारों ओर ऊंची दीवारें, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अलग-अलग एंट्री गेट इसे बेहद सुरक्षित बनाते हैं। पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती यहां लगातार रहेगी।
सुविधाओं की बात करें तो यह आवास काफी विस्तृत और हरियाली से भरपूर है। सामने और पीछे बड़े लॉन हैं, बीच में तालाब जैसी संरचना है जहां छठ जैसे पर्वों पर अर्घ्य दिया जा सकता है। साथ ही वॉकिंग एरिया और अलग गार्डन भी मौजूद है। सादगी और प्रकृति के करीब रहने की पसंद को देखते हुए यह नया आवास नीतीश कुमार की जीवनशैली के अनुकूल माना जा रहा है।



