
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने पार्टी के भीतर नई चर्चा छेड़ दी है। अनंत सिंह ने साफ कहा है कि आगामी MLC चुनाव में वह डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे।
अनंत सिंह ने कहा कि वह उसी व्यक्ति के साथ खड़े होंगे जो उनके साथ रहेगा। उन्होंने दावा किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक भी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में काम करेंगे। बताया जा रहा है कि अनुज सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से JDU के वरिष्ठ नेता और विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर समर्थन
अनंत सिंह का यह ऐलान इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि नीरज कुमार JDU के मुख्य प्रवक्ता और विधान परिषद सदस्य हैं। ऐसे में पार्टी के ही विधायक द्वारा उनके प्रतिद्वंद्वी को समर्थन देने की घोषणा ने बिहार की सियासत में चर्चाओं को हवा दे दी है।
अनंत सिंह के बयान को नीरज कुमार के खिलाफ एक तरह की राजनीतिक लामबंदी के रूप में देखा जा रहा है। अब चुनावी मैदान में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अनंत सिंह के समर्थक कितनी मजबूती से अनुज सिंह के पक्ष में सक्रिय होते हैं और इसका नतीजों पर कितना असर पड़ता है।
क्या JDU के अंदर बढ़ रही है खींचतान?
अनंत सिंह के इस रुख के बाद JDU के भीतर सब कुछ ठीक होने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर तब, जब पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसलों के बीच अनंत सिंह का अलग रुख सामने आया है।
बिहार में नवंबर 2026 में होने वाले विधान परिषद चुनाव को लेकर पहले से ही राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी हुई है। पटना स्नातक सीट का फिलहाल प्रतिनिधित्व JDU के नीरज कुमार कर रहे हैं। वह इस सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीत चुके हैं और इस बार भी पार्टी की ओर से उनके उम्मीदवार बनाए जाने की संभावना है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द होने की बात कही जा रही है।
अनुज सिंह किस पार्टी से लड़ेंगे?
दूसरी ओर, डॉ. अनुज सिंह भी MLC चुनाव की तैयारी में जुटे हैं और नीरज कुमार के खिलाफ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि अनुज सिंह किस राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।



