newspatnaबिहार

पटना में हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस का एक्शन, 500 अज्ञात पर केस; 40 से ज्यादा हिरासत में

पटना में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली, गांधी मैदान और सचिवालय थाना में 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, 40 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। पहचान पूरी होने के बाद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

घटना के बाद पुलिस ने गांधी मैदान, कदमकुआं, बहादुरपुर, बोरिंग रोड, बुद्धा कॉलोनी समेत कई इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। प्रदर्शन में शामिल कई लोगों को विभिन्न स्थानों से हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शन की योजना किसने बनाई, इसके पीछे कौन लोग थे और पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड कौन है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इसके साथ ही यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका की भी साइबर सेल जांच कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय और बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारी पुलिस द्वारा लगाए जा रहे बैरिकेड ही उठाकर आगे बढ़ने लगे। अचानक बढ़ती भीड़ के कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और करीब छह घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को उलझाए रखा।

स्थिति उग्र होने पर डाकबंगला और बेली रोड इलाके में जमकर पथराव और तोड़फोड़ हुई। उपद्रवियों ने पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार की सरकारी गाड़ी और कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

इस दौरान भागलपुर से भाजपा विधायक रोहित पांडे की गाड़ी को पलटने की कोशिश की गई और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट भी हुई। वहीं भाजपा विधायक विनय बिहारी और पार्टी नेता अजय सिंह की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए गए।

Related Articles

Back to top button