
NEET 2026 में शानदार सफलता हासिल करने वाले छात्रों के साथ खान सर का अलग ही अंदाज देखने को मिला। बैकग्राउंड में ‘पार्टी तो बनती है…’ गाना बज रहा था, आंखों पर काला चश्मा, गले में फूलों की माला और चेहरे पर मुस्कान के साथ खान सर छात्रों के साथ खुलकर जश्न मनाते नजर आए। इस दौरान उन्होंने एक सफल छात्र को गोद में उठाकर डांस भी किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया सेलिब्रेशन का वीडियो
वीडियो KGS NEET Official के इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किया गया। वीडियो के साथ लिखे कैप्शन में कहा गया कि RE-NEET 2026 के चैंपियंस के साथ खान सर का यह सेलिब्रेशन उनकी मेहनत और सफलता का जश्न है। कैप्शन में यह भी लिखा गया कि जब सपने पूरे होते हैं, तो खुशी भी पूरे दिल से मनाई जाती है। वीडियो पर हजारों यूजर्स ने प्रतिक्रिया देते हुए छात्रों और खान सर को बधाई दी।
सफल छात्रों का किया सम्मान
जानकारी के अनुसार, NEET 2026 के परिणाम में खान ग्लोबल स्टडीज के कई छात्रों ने सफलता हासिल की। इसी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां सफल विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों ने एक-दूसरे को बधाई दी, मिठाई बांटी और फिर सभी ने मिलकर जश्न मनाया।
वायरल हुआ खान सर का नया अंदाज
आमतौर पर पढ़ाई और मोटिवेशनल क्लास के लिए पहचाने जाने वाले खान सर इस बार पूरी तरह सेलिब्रेशन के मूड में नजर आए। उनका डांस और छात्रों के साथ खुशी साझा करने का अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।
फायरिंग मामले पर भी खुल कर रखा अपना पक्ष
हाल ही में फायरिंग मामले में अग्रिम जमानत मिलने के बाद खान सर ने एक पॉडकास्ट में पहली बार पूरे विवाद पर खुलकर बात की थी। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें बिना वजह मामले में घसीटा जा रहा है।
रौशन आनंद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी को नेपाल जाने, अपराध करने या रंगदारी जैसी गतिविधियों के लिए उन्होंने कभी नहीं कहा। उनके मुताबिक, इस मामले में लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं।



