
शाहपुर (भोजपुर)। भोजपुर के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बिलौटी गांव में हुए पुलिस एनकाउंटर का मामला अब पूरी तरह गरमा गया है। रविवार को भोजपुरी सुपरस्टार और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता खेसारी लाल यादव पीड़ित भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात करने उनके पैतृक आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक की रोती-बिलखती मां और अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों से बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने इस पूरी कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए और सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की।परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया और स्थानीय लोगों से बात करते हुए खेसारी लाल यादव काफी भावुक और आक्रामक नजर आए। उन्होंने कहा, “जो इंसान हमेशा गरीबों, मजलूमों और वंचितों की मदद के लिए खड़ा रहता था, वह अपराधी नहीं हो सकता। भरत तिवारी के जाने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता।” उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले का सच सामने आना जरूरी है।
गांव में उमड़े नेताओं और जनप्रतिनिधियों के हुजूम पर तंज कसते हुए खेसारी लाल ने कहा कि आज बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं, संवेदनाएं जता रहे हैं और फोटो खिंचवा रहे हैं। लेकिन सिर्फ फोटो खिंचवाने से पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा।उन्होंने परिजनों से अपील करते हुए कहा, “जो भी नेता या जनप्रतिनिधि आपसे मिलने आए, उससे यह सवाल जरूर पूछिए कि भरत का अधूरा सपना कैसे पूरा होगा? गरीबों के लिए जो काम वह कर रहे थे, उन्हें आगे कौन बढ़ाएगा?” खेसारी ने नेताओं से केवल बयानबाजी करने के बजाय अपने-अपने मंचों और सोशल मीडिया के जरिए इस न्याय की मांग को मजबूती से उठाने की अपील की।

एनकाउंटर की थ्योरी पर उंगली उठाते हुए राजद नेता ने कहा कि व्यवस्था में अपराध को समाप्त करने के नाम पर कई बार ऐसे कदम उठाए जाते हैं, जिन पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा, “कानून का काम अपराधियों से हथियार छुड़वाना और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत कोर्ट से सजा दिलाना है। लेकिन यदि किसी कार्रवाई पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तो उसकी उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है।”खेसारी लाल यादव ने भरोसा दिलाया कि वे न्याय की इस लड़ाई में आखिरी सांस तक परिवार के साथ खड़े रहेंगे और जहां भी उनकी जरूरत होगी, वे आवाज बुलंद करेंगे।खेसारी लाल यादव के बिलौटी गांव पहुंचने की भनक लगते ही पूरे इलाके से हजारों की संख्या में उनके प्रशंसक और ग्रामीण वहां जुट गए।
इस दौरान उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह और कई स्थानीय राजद नेता व समर्थक भी मौजूद रहे। गुंजन सिंह ने भी परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया। बता दें कि भरत तिवारी की मौत के बाद से ही बिलौटी गांव में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के नेताओं का आना लगातार जारी है।



