
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित मुसल्लहपुर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में आग लगने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बिजली के तार से चिंगारी निकलती दिखाई दे रही है। साथ ही कुछ लोग आग पर काबू पाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
बिजली के तार में स्पार्किंग होने के बाद कुछ देर के लिए कोचिंग परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर लोगों को सतर्क किया गया और आग फैलने से पहले ही उसे नियंत्रित कर लिया गया हैं |
मामले को लेकर जब फायर ब्रिगेड कर्मियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने किसी भी तरह की आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं आग लगने के कारणों को लेकर भी अभी कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।माना जा रहा है कि बिजली के तार से निकली चिंगारी ही घटना की वजह हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।



