
मोतिहारी। जिले में सूखा नशा और मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पचपकड़ी थाना पुलिस ने शनिवार को ग्राम भंडार स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर गांजे की एक खेप बरामद की है। पुलिस ने गुमटी से 44 छोटी पुड़ियों में बिक्री के लिए रखा गया करीब 58 ग्राम गांजा जब्त किया है। हालांकि, पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही गुमटी संचालक मौके से भागने में सफल रहा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम भंडार में एक गुमटी के आड़ में गांजे का अवैध धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से राम इकबाल साह के पुत्र मोहन साह की गुमटी पर धावा बोल दिया। गुमटी की सघन तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखी गई गांजे की 44 छोटी पुड़ियां बरामद हुईं, जिनका कुल वजन 58 ग्राम पाया गया।थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि जब्त गांजे को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मौके से फरार गुमटी संचालक मोहन साह के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।थानाध्यक्ष ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



