newspatnaबिहारराजनीति

सड़कों पर उतरे डीएम-एसपी: मोतिहारी में शांति का संदेश, 833 प्वाइंट्स पर कड़ा पहरा

मोतिहारी । दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त नेतृत्व में शहर में एक भव्य व विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने आमजन से निडर होकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और किसी भी तरह की अफवाह पर कतई ध्यान न देने की अपील की। सुरक्षा बलों का यह विशाल काफिला मोतिहारी पुलिस लाइन परिसर से प्रारंभ होकर कचहरी चौक, बलुआ फ्लाईओवर, सदर अस्पताल, टाउन थाना, मीना बाजार, गांधी चौक, गांजा गद्दी चौक, हिंदी बाजार और नाका नंबर 02 से होते हुए गोशाला तक पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात स्वयं बाइकर्स पुलिस बल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सड़कों पर निकले और प्रमुख इलाकों में सघन गश्त की। अधिकारियों ने रास्ते में स्थानीय व्यवसायियों, दुकानदारों व प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस लाइन से गोशाला तक गूंजा सुरक्षा का संदेश

फ्लैग मार्च में नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) समेत भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और दंडाधिकारी शामिल रहे। आलाधिकारियों की इस सक्रिय उपस्थिति ने नागरिकों में सुरक्षा का गहरा भाव जगाया। अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी कि पूजा के दौरान हुड़दंग, छेड़खानी या शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी चेष्टा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपद्रवियों पर सीधे विधि-सम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जिला प्रशासन ने जिले भर में 833 संवेदनशील व अति-संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया है। इन सभी स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। डीएम और एसपी ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को 24 घंटे मुस्तैद और अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है, ताकि भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट पर त्वरित रोक लगाई जा सके। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अनुमंडलवार जानकारी देते हुए बताया कि पूरे जिले में कुल 944 पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं, जिनमें 749 अस्थाई और 195 स्थाई मूर्तियां शामिल हैं। अनुमंडलवार आंकड़ों के अनुसार, सदर मोतिहारी में 212, चकिया में 205, पकड़ीदयाल में 96, सिकरहना में 107, रक्सौल में 152 तथा अरेराज अनुमंडल में 174 मूर्तियों की स्थापना की जा रही है।

जिले में कुल 944 पूजा पंडाल, 21 से 24 अक्टूबर तक होगा विसर्जन

प्रशासन ने प्रतिमा विसर्जन की तिथियां 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक निर्धारित की हैं। विसर्जन जुलूस के सभी पारंपरिक मार्गों की वीडियोग्राफी कराने और संवेदनशील मोड़ों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश जारी किया गया है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या स्थानीय थाने को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button