newsबिहारशिक्षा

BPSC TRE-4 को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा अपडेट, कभी भी जारी हो सकता है नोटिफिकेशन

बिहार में BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि TRE-4 का नोटिफिकेशन किसी भी समय जारी किया जा सकता है। भर्ती से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अभ्यर्थियों को फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

राज्यपाल से हुई शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया।

मंत्री के मुताबिक, बैठक में बिहार की शिक्षा व्यवस्था और विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी राज्यपाल को दी गई। उन्होंने कहा कि मंत्रियों का राज्यपाल से मिलना-जुलना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है।

घोषित पदों से ज्यादा हो सकती है वैकेंसी

अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि शिक्षा मंत्री ने बताया कि पहले बताई गई रिक्तियों की संख्या से अधिक पदों पर भर्ती आने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि BPSC की ओर से प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है और विभागीय स्तर पर भी जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में नोटिफिकेशन जारी होने में अब ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए।

मंत्री ने आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों से पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि उनका उज्ज्वल भविष्य उनका इंतजार कर रहा है।

TRE-4 को लेकर लगातार बढ़ रहा अभ्यर्थियों का दबाव

TRE-4 के विज्ञापन में देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है। छात्र लगातार जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विज्ञापन जारी नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।

वही दूसरी तरफ मंगलवार शाम तक नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना भी जताई जा रही थी। हालांकि, आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही भर्ती की वास्तविक तारीख, पदों की संख्या और पात्रता से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट होगी।

तेजस्वी यादव के लोकभवन मार्च पर भी निशाना

19 अगस्त को तेजस्वी यादव और आरजेडी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रस्तावित लोकभवन मार्च को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों के लिए सड़क पर उतरना उचित नहीं है।

उन्होंने तेजस्वी यादव पर राजनीतिक तंज भी कसा और कहा कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान उन्हें सदन में अपनी बात रखनी चाहिए।

फिलहाल TRE-4 के नोटिफिकेशन को लेकर अभ्यर्थियों की नजर शिक्षा विभाग और BPSC के अगले अपडेट पर टिकी है। यदि मंत्री का दावा सही साबित होता है, तो भर्ती का विज्ञापन जल्द ही सामने आ सकता है।

Related Articles

Back to top button