
बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोकामा विधायक अनंत सिंह लगातार विरोध जता रहे हैं। वहीं, वह जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन में भी खुलकर सामने आए हैं।पार्टी के भीतर चल रहे इस विवाद को लेकर JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामला पार्टी के संज्ञान में है और इसे सुलझाने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को दी गई है।
संजय झा बोले- ‘पार्टी ने मामले को संज्ञान में लिया है’
संजय झा ने कहा कि अनंत सिंह और पार्टी के बीच चल रही स्थिति की जानकारी संगठन को है। उन्होंने बताया कि यह मामला केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है।उनके मुताबिक, पार्टी ने ललन सिंह से इस विषय पर बातचीत की है और उन्हें ही दोनों पक्षों से बात कर मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई है।
संजय झा ने यह भी कहा कि अनंत सिंह का अपना एक अलग मुद्दा है, जिसका संबंध पिछले विधानसभा चुनाव से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ललन सिंह को बातचीत के जरिए समाधान निकालने को कहा है।JDU ने बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, जन सुराज की ओर से डॉ. अनुज कुमार सिंह चुनाव मैदान में हैं।अनंत सिंह लगातार नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे हैं और अनुज कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार करने की बात कह चुके हैं।
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद कोई नया नहीं है। दोनों नेताओं का संबंध पटना के बाढ़-मोकामा क्षेत्र से है और इससे पहले भी दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद और सार्वजनिक बयानबाजी सामने आती रही है।पटना स्नातक सीट पर इस बार मुकाबला पहले से ज्यादा चर्चित हो गया है। एक तरफ JDU ने अपने मौजूदा संगठनात्मक चेहरे नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, तो दूसरी ओर जन सुराज ने अनुज कुमार सिंह को मैदान में उतारा है।अनंत सिंह के खुले समर्थन ने इस मुकाबले में JDU के सामने राजनीतिक चुनौती को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटा है।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 अक्टूबर को नतीजे
बिहार विधान परिषद की संबंधित सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं।नामांकन पत्रों की जांच के बाद 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।अब सभी की नजर इस बात पर है कि JDU के भीतर चल रही इस खींचतान का पटना स्नातक सीट के चुनाव पर क्या असर पड़ता है और पार्टी नेतृत्व अनंत सिंह के विरोध को किस तरह संभालता है।



