newspatnarajnitiबिहारराजनीति

युवाओं को ललन सिंह की बड़ी सौगात: परसंडो में बनेगा जिम और लाइब्रेरी, पंचायत से जिला स्तर तक होगी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता

पटना। मुंगेर के सांसद और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र का सघन दौरा किया। हवेली खड़गपुर प्रखंड के परसंडो गांव में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कर उन्हें शानदार सौगात दी। गांव में सांसद निधि से अत्याधुनिक इनडोर और आउटडोर जिम का निर्माण कराया जाएगा, जबकि जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल के विधायक मद से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक सुसज्जित लाइब्रेरी बनाई जाएगी।

खेलकूद को बढ़ावा और युवाओं को प्रोत्साहन

केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक वृहद ‘सांसद खेलकूद प्रतियोगिता’ आयोजित कराने का भी बड़ा ऐलान किया। युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उन्होंने मंच से घोषणा की कि जो भी युवा नियमित रूप से जिम में पसीना बहाएंगे, उन्हें प्रोत्साहन के तौर पर मुफ्त शर्ट और लोअर दिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खेल के साथ-साथ बच्चे पढ़ाई में भी अव्वल रहें और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अपने गांव-जिले का नाम रोशन करें, इसी उद्देश्य से जिम और लाइब्रेरी का यह साझा प्रयास किया जा रहा है।

फूल-मालाओं और तोरण द्वार से ऐतिहासिक स्वागत

इससे पूर्व, मुंगेर से हवेली खड़गपुर की ओर बढ़ते केंद्रीय मंत्री के काफिले का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। श्यामपुर, धपड़ी, शिवपुर, लौगाय, बैजलपुर और बहीरा सहित तमाम गांवों में ग्रामीणों ने भव्य तोरण द्वार बनाए थे। फूल-मालाओं के साथ जनता ने अपने सांसद का अभिनंदन किया। इस दौरान ललन सिंह ने कई स्थानों पर रुककर जनसंवाद किया, जहां उन्होंने सीधे तौर पर ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतें और समस्याएं सुनीं। परसंडो गांव पहुंचने पर ललन सिंह ने स्थानीय जनता के भावनात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने बताया कि किस तरह परसंडो को नगर परिषद में शामिल होने से बचाकर इसके ग्रामीण अस्तित्व को बरकरार रखा गया है। इसके अलावा, गांव के वर्षों पुराने डाकघर को स्थानांतरित होने से रोककर यहीं बनाए रखने में किए गए अपने सफल प्रयासों की जानकारी भी उन्होंने साझा की।कुल मिलाकर, मुंगेर से खड़गपुर तक स्वागत, गांव-गांव जनसंवाद और युवाओं के लिए की गई इन विकासोन्मुखी घोषणाओं के कारण केंद्रीय मंत्री का यह दौरा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

Related Articles

Back to top button