
बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने एक बार फिर जनता दरबार की शुरुआत कर दी है। पटना स्थित पार्टी कार्यालय में अब हर दिन तीन मंत्री आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे। यह फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर लिया गया है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पूरे सप्ताह का लिस्ट जारी किया है। जन सुनवाई कार्यक्रम रोज सुबह 11:30 बजे से आयोजित होगा।
सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को ग्रामीण विकास मंत्रीश्रवण कुमार ,भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार लोगों की शिकायतें सुनेंगे। मंगलवार को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री शीला मंडल और ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार जनता से मुलाकात करेंगे।
बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, परिवहन मंत्री दामोदर रावत और आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा जनता दरबार में मौजूद रहेंगे। गुरुवार को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी और समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता लोगों की समस्याएं सुनेंगी। वहीं शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान जनता से सीधा संवाद करेंगे।
यह जन सुनवाई कार्यक्रम पहले भी लंबे समय तक जदयू की पहचान रहा है। जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में सक्रिय जनता दरबार लगाते थे, तब बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते थे। हालांकि विधानसभा चुनाव के दौरान यह कार्यक्रम बंद कर दिया गया था।
अब पार्टी ने इसे दोबारा शुरू करते हुए दावा किया है कि इससे आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे मंत्रियों तक पहुंचाने का मौका मिलेगा और शिकायतों का समाधान तेजी से हो सकेगा।



