
पटना। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की तत्काल जांच कराने और केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का अनुरोध किया है।मंत्रालय को मिले एक अज्ञात और हस्ताक्षरविहीन संदेश में दो मोबाइल नंबरों का उल्लेख करते हुए चिराग पासवान पर बड़े खतरे का दावा किया गया है। संदेश में कहा गया है कि कथित तौर पर कुछ कट्टर आतंकी उन्हें जल्द ही निशाना बना सकते हैं। धमकी भरे संदेश को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने केंद्रीय गृह सचिव को औपचारिक पत्र भेजकर संदेश के स्रोत, प्रामाणिकता और इसके पीछे की मंशा की गहन जांच कराने की मांग की है।वर्तमान में चिराग पासवान को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जेड-श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। मंत्रालय ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि केंद्रीय मंत्री के आगामी सार्वजनिक कार्यक्रमों और दौरे को देखते हुए उनकी मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाए और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा घेरे को और अधिक मजबूत किया जाए।उधर, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से अपील की है कि धमकी देने वालों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।



