newspatna

वीआईपी ड्यूटी में लापरवाही पर महिला सिपाही निलंबित, गृहरक्षक पर भी कार्रवाई की तैयारी

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर लगाई गई ड्यूटी में लापरवाही बरतना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। यातायात व्यवस्था की निगरानी के दौरान ड्यूटी स्थल से बिना सूचना गायब मिली महिला सिपाही निशा कुमारी को यातायात पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, महिला गृहरक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

यह कार्रवाई दो सितंबर को मुख्यमंत्री के चैंबर ऑफ कॉमर्स में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर की गई ड्यूटी से जुड़ी है। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में रूट लाइन और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान बाटा मोड़ पर तैनात निशा कुमारी और रुचि कुमारी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट से गायब मिलीं।जांच में सामने आया कि दोनों कर्मी बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के अपने ड्यूटी स्थल से चले गए थे। मुख्यमंत्री के वीआईपी कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की गई।

महिला सिपाही निशा कुमारी को जीवनयापन भत्ता पर निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय यातायात संचालन निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

जाम के बीच मोबाइल में व्यस्त मिले तीन यातायातकर्मी

शहर में जाम की स्थिति के बीच यातायात पुलिसकर्मियों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। यातायात पुलिस अधीक्षक के औचक निरीक्षण में बाकरगंज यातायात पोस्ट पर तीन कर्मी ड्यूटी के दौरान केबिन में बैठकर मोबाइल चलाते मिले।पांच सितंबर की शाम करीब 6:45 बजे बाकरगंज यातायात पोस्ट का निरीक्षण किया गया। उस समय सड़क पर यातायात का दबाव अधिक था और जाम की स्थिति बनी हुई थी। इसके बावजूद एएसआई रविन्द्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृहरक्षक सूरज कुमार सड़क पर यातायात नियंत्रित करने के बजाय केबिन के अंदर मोबाइल का इस्तेमाल करते पाए गए।

शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक पिक आवर के दौरान यातायातकर्मियों को केबिन से बाहर रहकर यातायात व्यवस्था संभालने का स्पष्ट निर्देश है। इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई की गई।रविन्द्र कुमार मंडल और गीता कुमारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है और दोनों से सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं, गृहरक्षक सूरज कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अलग से रिपोर्ट भेजी जा रही है।

कारगिल पोस्ट पर भी मोबाइल इस्तेमाल करने पर कार्रवाई

कारगिल यातायात पोस्ट पर भी ड्यूटी के दौरान दो महिला पुलिसकर्मी मोबाइल का इस्तेमाल करती मिलीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद स्पष्ट है कि यातायात व्यवस्था को लेकर विभाग अब ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपना रहा है। वीआईपी ड्यूटी हो या शहर के व्यस्त समय की यातायात व्यवस्था, ड्यूटी से अनुपस्थित रहने अथवा निर्देशों की अनदेखी करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button