crimenews

मोतिहारी से सनसनीखेज वारदात! बाजार गईं तीन सहेलियां अचानक गायब, मुजफ्फरपुर तक पहुंचकर भी पुलिस के हाथ खाली

सड़क से रेलवे ट्रैक तक तलाश: मोतिहारी के मठलोहियार गांव की तीन किशोरियों के गायब होने से मचा कोहराम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से जुड़ा नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला अब एक उलझी हुई पहेली बन चुका है। मठलोहियार पंचायत के छतवनिया टोला से एक साथ रहस्यमय तरीके से गायब हुईं तीन किशोरियों—सुरभि कुमारी (15), प्रतिमा कुमारी (14) और खुशी कुमारी (12)—का सुराग लगाने के लिए पुलिस और परिजनों की सांसें अटकी हुई हैं। घटना के 24 घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुफलता नहीं लग पाई है, हालांकि तकनीकी सर्विलांस और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज ने इस मामले को एक नया मोड़ जरूर दे दिया है। पुलिस अनुसंधान और तकनीकी सर्विलांस से यह बात पुख्ता हुई है कि तीनों सहेलियां हरसिद्धि बाजार जाने के नाम पर घर से निकली थीं, लेकिन वे वहां से सीधे बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों और रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तीनों ने वहां से एक लोकल ट्रेन पकड़ी और सीधे मुजफ्फरपुर जंक्शन तक का सफर तय किया। मुजफ्फरपुर तक उनके पहुँचने की पुष्टि तो हो चुकी है, लेकिन उसके बाद से उनका कोई भी नया या ताजा लोकेशन पुलिस के हाथ नहीं लगा है। मुजफ्फरपुर जंक्शन के बाद वे किस दिशा में गईं, किसी अनजान वाहन से निकलीं या किसी परिचित के संपर्क में आईं, यह सवाल अब भी अनसुलझा है।

बापूधाम स्टेशन से मुजफ्फरपुर तक का सफर

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने लापता लड़कियों की तस्वीरें और उनके विवरण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सार्वजनिक कर दिए हैं ताकि आम जनता से भी कोई सूचना मिल सके। इसके साथ ही, पुलिस इस एंगल पर भी बारीकी से काम कर रही है कि क्या इस पूरी घटना के पीछे किसी बाहरी व्यक्ति का हाथ है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि लापता लड़कियों में से कुछ की इस युवक से पहले से बातचीत होती थी। पुलिस इस बात को खंगाल रही है कि क्या इस युवक ने इन्हें गुमराह कर कहीं बुलाया था या इस पलायन के पीछे कोई और आपराधिक साजिश है। इस सनसनीखेज मामले में एक और नया पहलू सामने आया है। चर्चा है कि लापता लड़कियों की तरफ से या किसी अन्य माध्यम से परिजनों को किसी अज्ञात नंबर से संपर्क साधने और फोन पर बातचीत करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, वह कॉल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई और तकनीकी रूप से वह संपर्क टूट गया। पुलिस अब उसी संदिग्ध मोबाइल नंबर को ट्रेस करने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कॉल कहाँ से और किसने की थी।दूसरी ओर, घटना के बाद से ही गांव में मातम और सन्नाटे का माहौल है। पीड़ित परिवारों के घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण दबी जुबान में कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। बहरहाल, पुलिस का दावा है कि वह बहुत जल्द इस रहस्य से पर्दा उठा लेगी और तीनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button