newspatnarajnitiबिहार

दिल्ली में बिहार की सड़क परियोजनाओं पर अहम बैठक, 53 हजार करोड़ के विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा

बिहार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा बिहार के पूर्व पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन से मुलाकात की। शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्होंने नितिन नवीन का बुके और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच बिहार के बुनियादी ढांचे और सड़क विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में राज्य में चल रही सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। पूर्व पथ निर्माण मंत्री के तौर पर नितिन नवीन के अनुभवों को देखते हुए मंत्री ई. शैलेंद्र ने कई परियोजनाओं को लेकर उनका सुझाव और मार्गदर्शन भी लिया।

मुलाकात के दौरान बिहार में विकसित किए जा रहे नए एक्सप्रेस-वे, पीआरएमसी, ब्रिज हेल्थ कार्ड और पुलों की निगरानी के लिए शुरू किए जा रहे अत्याधुनिक ड्रोन मॉनिटरिंग सिस्टम पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी प्रमुख पुलों की निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर राजधानी पटना में स्थापित किया जाएगा, जहां से ड्रोन के माध्यम से पुलों की नियमित निगरानी की जाएगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्तमान में बिहार में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा नवगछिया के जाह्नवी चौक से अगुवानी घाट होते हुए पटना तक गंगा के उत्तरी तट पर प्रस्तावित नई सड़क परियोजना पर भी दोनों नेताओं के बीच सकारात्मक चर्चा हुई।

मंत्री के अनुसार, यदि यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार होती है तो उत्तर बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात बेहद उपयोगी रही और नितिन नवीन के अनुभवों से राज्य में सड़क एवं पुल निर्माण से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

Related Articles

Back to top button