
पटना। बिहार के कटिहार जिले में रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जिसने दो घरों के चिराग बुझा दिए। पोठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोठिया-डूमर सड़क मार्ग पर कुशियारी मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलट जाने से उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दो मौतों की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया।
तेज रफ्तार और तीखा मोड़ बना हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पोठिया-डूमर मुख्य मार्ग से होकर गुजर रहा था। वाहन पर चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की गति काफी तेज थी। जैसे ही ट्रैक्टर कुशियारी मोड़ के पास पहुंचा, तीखे घुमाव पर चालक वाहन की गति पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि उस पर सवार लोग वाहन के नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।
जीरा पट्टी गांव में पसरा मातम, रो-रोकर बेसुध हुए परिजन
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की शिनाख्त बरारी थाना क्षेत्र के जीरा पट्टी गांव निवासी सफीकुल अंसारी और मोहम्मद मनीर के रूप में की गई है। जैसे ही दोनों युवकों की मौत की मनहूस खबर उनके गांव जीरा पट्टी पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा खिंच गया। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। मृतकों के घर में महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बार-बार बेसुध हो रही हैं। गांव के लोग और रिश्तेदार शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं, लेकिन किसी की भी आंखें आंसुओं से खाली नहीं हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद घायलों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में सभी तीन घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका सघन उपचार चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।मामले की जानकारी देते हुए यातायात डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि कुशियारी मोड़ के पास ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हुई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। दुर्घटना किन सटीक परिस्थितियों में हुई, क्या तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही, इन सभी बिंदुओं का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



