newspatnarajnitiबिहार

दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर परदेसियों को रेलवे का तोहफा: छपरा-आनंद विहार पूजा स्पेशल आज से शुरू, जानें पूरा शेड्यूल

पटना। त्योहारों का मौसम करीब आते ही दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों की घर वापसी की जद्दोजहद शुरू हो जाती है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट को लेकर मची मारामारी और वेटिंग लिस्ट की लंबी कतारों के बीच रेलवे प्रशासन ने घर लौटने वालों को एक बड़ी राहत दी है। दुर्गा पूजा, दिवाली और आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले रेलवे ने छपरा और आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच एक नई साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया है। इस ट्रेन का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इसका ठहराव थावे जंक्शन पर भी दिया गया है, जिससे गोपालगंज, छपरा और सीवान के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में भारी सहूलियत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, त्योहारी भीड़ को देखते हुए 05085 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का परिचालन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। वहीं, परदेश से घर लौटने वाले यात्रियों के लिए वापसी दिशा में 05086 आनंद विहार टर्मिनल-छपरा विशेष ट्रेन 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। रेलवे ने दोनों दिशाओं से इन ट्रेनों के कुल आठ-आठ फेरे निर्धारित किए हैं ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को कन्फर्म सीट मिल सके।

आठ-आठ फेरे लगाएगी यह स्पेशल ट्रेन

ट्रेन के टाइम-टेबल की बात करें तो, 05085 छपरा-आनंद विहार विशेष ट्रेन छपरा जंक्शन से दोपहर 1:05 बजे प्रस्थान करेगी। यहां से खुलने के बाद मशरख और दिघवा दुबौली स्टेशनों पर रुकते हुए यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे थावे जंक्शन पहुंचेगी। थावे से रवाना होने के बाद यह पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।वापसी के सफर में 05086 विशेष ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 10:50 बजे खुलेगी। पूरी रात का सफर तय करते हुए यह ट्रेन अगले दिन तड़के 4:30 बजे थावे जंक्शन पहुंचेगी। यहां यात्रियों को उतारने के बाद यह ट्रेन दिघवा दुबौली और मशरख होते हुए सुबह 7:00 बजे अपने गंतव्य छपरा पहुंचेगी।

22 कोचों के साथ वातानुकूलित सफर की सुविधा

लंबी दूरी के यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए इस पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं। यात्रियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी (अनारक्षित जनरल कोच), शयनयान (स्लीपर क्लास), वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी (3E), थर्ड एसी (3A), सेकंड एसी (2A) और प्रथम सह द्वितीय श्रेणी (फर्स्ट/सेकंड एसी) के कोच शामिल किए गए हैं।त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में “नो रूम” की स्थिति के बीच इस विशेष ट्रेन के चलने से गोपालगंज, छपरा और सीमावर्ती यूपी के हजारों यात्रियों को एक सुगम विकल्प मिल गया है। यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट या काउंटर से इस ट्रेन में अपनी बुकिंग करा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button