newspatnaबिहार

अवैध दवाओं की आपूर्ति पर कसा शिकंजा: संग्रामपुर में छापेमारी के बाद कोटवा के दो थोक विक्रेता भी जांच के दायरे में

मोतिहारी। जिले के संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र के मधुबनी मठ वार्ड नंबर-3 स्थित निशा मेडिकल स्टोर पर ड्रग विभाग की टीम ने औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। ड्रग इंस्पेक्टर सागर मणि सोनी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दुकान से भारी मात्रा में नियंत्रित व नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। वहीं मौके से मेडिकल स्टोर संचालक कन्हैया कुमार पंडित को हिरासत में लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।जांच के दौरान संचालक कन्हैया कुमार पंडित दुकान संचालन से संबंधित कोई भी वैध ड्रग लाइसेंस या जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी के क्रम में दुकान से ट्रामाडोल और डायजेपाम साल्ट युक्त दवाएं, पायवॉन स्पास प्लस, स्पास्मो-प्रॉक्सीवॉन प्लस के कई पैकेट और डायजेपाम इंजेक्शन आई.पी. (स्टेपम) समेत अन्य प्रतिबंधित श्रेणी की दवाएं बरामद हुईं। बिना डॉक्टर के पर्चे और बिना लाइसेंस के इन साइकोट्रॉपिक दवाओं की मौजूदगी को ड्रग विभाग ने बेहद गंभीरता से लिया है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए दुकानदार ने खुलासा किया है कि वह यह दवाएं कोटवा स्थित अभिषेक ड्रग और गणेश मेडिकल से मंगाता था। इसके बाद ड्रग विभाग ने पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है। विभाग की टीम अब दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े बिल, स्टॉक रजिस्टर और इनवॉइस का मिलान कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इन प्रतिष्ठानों से नियमों के तहत आपूर्ति की जा रही थी या कोई अवैध नेटवर्क सक्रिय है। पकड़ा गया दुकानदार कन्हैया कुमार पंडित पूर्वी चंपारण जिले के राजपुर मठिया, पोस्ट डुमरा सागर चूरामन निवासी हरिनंदन पंडित का पुत्र है। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर NDPS एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब्ती सूची और जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

Related Articles

Back to top button