newspatnarajnitiबिहारराजनीति

बांकीपुर उपचुनाव में नीरज सिन्हा पर बीजेपी का बड़ा भरोसा, नितिन नबीन ने किया जीत का दावा

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित करने के बाद उनके समर्थन में प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन से मुलाकात की, जहां उन्हें चुनाव के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

नितिन नबीन ने विश्वास जताया कि बांकीपुर की जनता भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास और सुशासन की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक पार्टी के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं।

संगठन के समर्पित कार्यकर्ता हैं नीरज सिन्हा

नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि बांकीपुर की मिट्टी से जुड़े युवा और समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनका वर्षों का समर्पण ही इस जिम्मेदारी का आधार है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि बांकीपुर की जनता उन्हें प्रचंड जनसमर्थन देकर विजयी बनाएगी।

एनडीए नेताओं ने जताया जीत का भरोसा

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने भी भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के विकास कार्यों के आधार पर एनडीए को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे के साथ एनडीए बांकीपुर उपचुनाव में जनता का आशीर्वाद हासिल करेगा।

विकास के मुद्दे पर मांगा समर्थन

राज्य सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में विश्वास जताते हुए कहा कि वे बांकीपुर के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता के सहयोग से क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी तथा लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button