crimenewspatnaबिहार

पति को छोड़ प्रेमी संग दमन गई नवादा की महिला की हत्या, ट्रॉली बैग में मिला शव

पटना। नई जिंदगी की तलाश में पति का घर छोड़कर प्रेमी के साथ दमन गई नवादा की एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई है। उसका शव दमन स्थित एक किराये के कमरे में ट्रॉली बैग के अंदर से बरामद हुआ है। वारदात के बाद से मुख्य आरोपी माना जा रहा प्रेमी मौके से फरार है। दमन पुलिस और नवादा पुलिस आपसी समन्वय से मामले की तफ्तीश में जुट गई हैं।मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र स्थित सिऊर गांव निवासी छोटी कुमारी के रूप में हुई है। हत्या का राज तब खुला जब दमन में महिला के बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास के लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर रखे एक ट्रॉली बैग से महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।बताया जाता है कि छोटी कुमारी पूर्व से विवाहित थी। इसी दौरान गांव के ही ऋषभ कुमार से उसकी नजदीकियां बढ़ीं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग इस कदर परवान चढ़ा कि वह अपना घर और पति को छोड़कर ऋषभ के साथ दमन चली गई और वहां किराये का मकान लेकर रहने लगी। परिजनों ने इस संबंध में रोह थाने में अपहरण और गुमशुदगी की प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। परिवार को उसके सकुशल लौटने की उम्मीद थी, लेकिन अब सीधे उसकी मौत की मनहूस खबर सामने आई है। बेटी की मौत की सूचना से परिजनों में शोक व्याप्त है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है। दमन पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से ऋषभ कुमार के लापता होने के कारण पुलिस का शक सीधे उसी पर गहरा गया है।दमन पुलिस द्वारा नवादा पुलिस के माध्यम से मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के स्पष्ट कारणों से पर्दा उठ सकेगा। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button