
पटना जिले के चंडासी इलाके में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। पुनपुन और दरधा नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण अब बाढ़ का पानी प्रसिद्ध अर्धनारीश्वर मंदिर परिसर तक पहुंच गया है। मंदिर के चारों तरफ पानी फैलने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर के सभी प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए हैं।
मंदिर परिसर में बने सैकड़ों हवन कुंड भी पानी में पूरी तरह डूब चुके हैं। वहीं, बाढ़ का पानी धीरे-धीरे मंदिर के मुख्य हिस्से की ओर बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए फिलहाल श्रद्धालुओं को मंदिर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।
कई गांवों का संपर्क प्रभावित
चंडासी क्षेत्र में बाढ़ का असर कई सड़कों पर भी पड़ा है। पानी के तेज दबाव के कारण अलग-अलग जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। लगातार बढ़ता जलस्तर अब मंदिर परिसर के लिए भी चिंता का कारण बन गया है।
108 फीट ऊंची प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र
अर्धनारीश्वर मंदिर की पहचान यहां स्थापित 108 फीट ऊंची विशाल अर्धनारीश्वर प्रतिमा से होती है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी अर्धनारीश्वर प्रतिमाओं में शामिल बताया जाता है। मंदिर के आसपास बाढ़ का पानी फैलने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
बाढ़ के पानी में जाने से बचने की अपील
जलमग्न इलाके में लोगों के पहुंचने की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। हवन कुंडों के आसपास बच्चों के पानी में स्नान करने की बात सामने आने के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि लोग बाढ़ के पानी में जाने से बचें और अनावश्यक रूप से जलमग्न क्षेत्रों में न जाएं।
जलस्तर बढ़ा तो और बिगड़ेंगे हालात
पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर अगर इसी तरह बढ़ता रहा तो चंडासी समेत आसपास के गांवों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। प्रभावित इलाकों के लोगों ने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने के साथ जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है।



