crimepatnaबिहार

खौफनाक साजिश: जमीन के लालच में सगे बेटे ने ली 70 वर्षीय माँ की जान, बड़े भाई को फंसाने का था प्लान!

मोतिहारी। जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र स्थित सरेया बदुराहा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां चंद कट्ठा जमीन के लालच में एक कलियुगी बेटे ने अपनी 70 वर्षीय मां की सोते समय धारदार गड़ासे से निर्मम हत्या कर दी। आरोपित पुत्र की साजिश थी कि वह अपनी मां की हत्या कर इसका पूरा इल्जाम अपने बड़े भाई पर लगा दे, ताकि उसे जेल भेजकर पूरी संपत्ति पर वह अकेले कब्जा जमा सके। हालांकि, पुलिस की वैज्ञानिक जांच और सख्ती के आगे उसकी यह खौफनाक साजिश बेनकाब हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित छोटे पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सरेया बदुराहा गांव निवासी 70 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है। सोमवार सुबह घर में उनका खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पाकर चकिया डीएसपी के नेतृत्व में डुमरिया घाट थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम और श्वान दस्ता (डॉग स्क्वायड) को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के छोटे बेटे धर्मवीर सहित घर के कुछ अन्य सदस्यों से पूछताछ शुरू की। पुलिसिया पूछताछ में धर्मवीर के बयानों में विरोधाभास मिला और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उस पर संदेह गहरा गया। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और अपना भयानक जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपित धर्मवीर ने पूछताछ में बताया कि बड़े भाई कमलदेव महतो द्वारा मां से जमीन अपने नाम कराने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इसी बात की खुन्नस और पूरी जमीन हड़पने की नीयत से उसने रविवार रात सोते समय मां पर गड़ासे से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी।

उसकी योजना थी कि हत्या का मुकदमा बड़े भाई पर दर्ज हो जाए, जिससे रास्ते का कांटा भी साफ हो जाए और जमीन भी मिल जाए।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या में प्रयुक्त गड़ासे की बरामदगी के लिए आरोपित की निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है। मामले की वैज्ञानिक और विधिक तरीके से जांच जारी है। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि आखिर जमीन के एक टुकड़े के लिए खून के रिश्ते इतने तार-तार कैसे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button