NEET 2026 को लेकर भारी मुस्तैदी: DM और SSP खुद पहुंचे परीक्षा केंद्रों पर, दिए कड़े निर्देश!

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट यूजी’ की री-एग्जामिनेशन भागलपुर जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर इस बार जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे।गड़बड़ी और कदाचार को रोकने के लिए जिले के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की ‘थ्री-लेयर’ व्यवस्था लागू की गई थी।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले सभी छात्र-छात्राओं की गहन शारीरिक तलाशी ली गई और उनके एडमिट कार्ड व पहचान पत्रों का कड़ाई से मिलान किया गया। पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट होने के बाद ही स्टूडेंट्स को एग्जाम हॉल में जाने की अनुमति दी गई।परीक्षा के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डिजिटल तकनीक का पूरा इस्तेमाल किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों के कमरों और गलियारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
इन कैमरों की लाइव फीड को सीधे जिला मुख्यालय में बने विशेष कंट्रोल रूम से जोड़ा गया था, जहां वरिष्ठ अधिकारी खुद बैठकर पल-पल की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।इससे पहले, परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए भागलपुर के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने खुद मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, टी.एन.बी. कॉलेजिएट, जिला स्कूल और बरारी हाई स्कूल समेत कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया था।
अधिकारियों ने कड़े निर्देश दिए थे कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।प्रशासनिक मुस्तैदी और पुलिस जवानों की सक्रियता के कारण सभी 15 केंद्रों पर नीट री-एग्जाम बिना किसी बाधा के सुव्यवस्थित ढंग से समाप्त हुई।



