newspatnarajnitiबिहार

बिहार में शुरू होगा सहयोग शिविर, मुख्यमंत्री खुद सुनेंगे जनता की फरियाद

बिहार में आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार से ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में वे लोग अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकेंगे, जिन्हें जिला स्तर पर समाधान मिलने के बावजूद संतोष नहीं हुआ है। सरकार का दावा है कि शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही निपटारा करने की कोशिश की जाएगी।

यह नई पहल पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार की तर्ज पर शुरू की गई है, हालांकि इसका नाम ‘सहयोग शिविर’ रखा गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। सरकार ने तय किया है कि यह शिविर हर महीने के दूसरे मंगलवार को आयोजित होगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए नियमित मंच मिल सके।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि सरकार हर नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुनने और उसका न्यायपूर्ण व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, सहयोग कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना तथा सुशासन को और प्रभावी बनाना है।

शिविर में शामिल होने के लिए सरकार ने 1100 नंबर की निशुल्क हेल्पलाइन भी जारी की है। इसके अलावा नागरिक सहयोग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय पहले दर्ज शिकायत का रेफरेंस नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। इसके बाद संबंधित जानकारी स्वतः पोर्टल पर दिखाई देगी और चयनित आवेदकों को एसएमएस के जरिए शिविर की तारीख, समय और अन्य जरूरी जानकारी भेजी जाएगी।

सरकार ने इस पहल को ‘सात निश्चय पार्ट-3’ के तहत शुरू किया है। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान से जुड़े इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री आवास और बाद में मुख्यमंत्री सचिवालय में नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित होता था। अब उसी व्यवस्था को नए स्वरूप में आगे बढ़ाते हुए सम्राट चौधरी सरकार ‘सहयोग शिविर’ के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

Back to top button