newsrajnitiबिहार

SIR विवाद के बीच चिराग पासवान का बयान, बोले- चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था

SIR प्रक्रिया को लेकर बिहार में जारी राजनीतिक विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। चुनाव आयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि सरकार का हिस्सा होने के नाते वह किसी का बचाव नहीं करेंगे। उनके मुताबिक चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसे अपने ऊपर उठ रहे सवालों का जवाब खुद मजबूती से देना चाहिए।

चुनाव आयोग को स्पष्ट करना चाहिए अपना पक्ष

चिराग पासवान ने कहा कि यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं, तो इनका जवाब देना आयोग की जिम्मेदारी है। खासतौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को अपने पक्ष को तथ्यों के साथ मजबूती से सामने रखना चाहिए।उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर अगर लोगों के बीच विश्वास की जगह संदेह पैदा होने लगे, तो यह उचित स्थिति नहीं है। ऐसे में चुनाव आयोग को अपनी स्थिति और अधिक स्पष्ट तरीके से जनता के सामने रखनी चाहिए।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी केवल राहुल गांधी या विपक्षी नेताओं के आरोपों का जवाब देना नहीं है। सबसे जरूरी यह है कि आम जनता के मन में चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का संदेह न रहे।

चिराग पासवान के मुताबिक, चुनावी प्रक्रिया में लोगों का भरोसा बनाए रखना जरूरी है और इसके लिए आयोग पे उठ रहे सवालों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

SIR को लेकर विपक्ष का विरोध जारी

वहीं, SIR प्रक्रिया के मुद्दे पर विपक्ष लगातार सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मोदी और शाह ने चुनाव आयोग को लोकतंत्र को खत्म करने के लिए एक माध्यम बना दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले दो चुनाव आयुक्त इतने समय तक चुप क्यों रहे।तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए अब देश की जनता को सड़कों पर उतरना होगा।

Related Articles

Back to top button