
पटना जंक्शन के पास स्थित चांदनी मार्केट में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक इलेक्ट्रिक दुकान के तीसरे और चौथे तल पर बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम से तेज धुआं निकलने लगा और आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि, बाजार की संकरी गली होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल के भीतर तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने पाइप के जरिए पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि संबंधित दुकान के गोदाम में झूमर, पीवीसी लाइट, रूफ लाइट समेत विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रिक और सजावटी लाइटिंग सामान का स्टॉक रखा हुआ था। आगामी त्योहारों को देखते हुए दुकानदार ने बड़ी मात्रा में सामान जमा किया था। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा काफी सामान जलकर बर्बाद होने की आशंका है।
गोदाम में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग से निकली चिंगारी लाइटिंग के सामान तक पहुंच गई, जिसके बाद आग लग गई। कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया।हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अग्निशमन विभाग की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग से कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसका आकलन भी अभी नहीं किया गया है। अग्निशमन विभाग की टीम आग को आसपास की दुकानों और अन्य हिस्सों तक फैलने से रोकने में जुटी रही। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान और घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।



