
पटना। बांकीपुर उपचुनाव संपन्न होने के अगले ही दिन जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिसिया कार्रवाई से नाराज प्रशांत किशोर ने निर्वाचन आयोग पहुंचकर पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन और सुबूत सौंपने के बाद मामले में तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रशांत किशोर ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों में पटना में जो पुलिसिया कार्रवाई हुई है, वह सबने देखी है। पुलिस ने सत्तारूढ़ दल के साथ मिलकर चुनाव को प्रभावित करने और मतदाताओं को डराने-धमकाने का कुत्सित प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आपराधिक तत्वों ने मिलकर जिस तरह से गुंडागर्दी की, वह बांकीपुर और बिहार की जनता के सामने है।

जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं को बिना किसी वजह के गिरफ्तार किया गया।प्रशांत किशोर ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने लोकतंत्र की हत्या करने में अपनी भूमिका अदा की है, यह सीधे तौर पर ‘लोकतंत्र का चीरहरण’ है। उन्होंने बताया कि पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सारे अहम सुबूत निर्वाचन आयोग को सौंप दिए गए हैं और इस संबंध में एक विस्तृत प्रतिवेदन भी दिया गया है।प्रशांत किशोर की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। आयोग की तरफ से यह आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि जो सुबूत गुरुवार को निर्वाचन आयोग के समक्ष पेश किए गए हैं, उन्हें जनता के सामने भी लाया जाएगा। इसके लिए 2 अगस्त को सुबह 11 बजे एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जिसमें पुलिस की कथित ज्यादती और चुनाव को प्रभावित करने वाले तमाम सुबूत पत्रकारों को सौंपे जाएंगे।



