newspatnarajniti

बिहार MLC चुनाव: 8 सीटों पर सियासी मुकाबला, जानें किस पार्टी ने किसे दिया टिकट

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक कोटे की सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन कर सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लेने की समयसीमा तय है। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। पूरी चुनावी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक समाप्त होनी है।

BJP ने चार सीटों के लिए घोषित किए प्रत्याशी

भारतीय जनता पार्टी ने आठ में से चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक से डॉ. एनके यादव, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक सीट से नरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इन नामों की घोषणा 29 सितंबर को की गई।जनता दल यूनाइटेड ने भी चार सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा, सारण शिक्षक से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से घनश्याम राय को टिकट दिया गया है।

इस तरह BJP और JDU ने आठ सीटों में चार-चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।राष्ट्रीय जनता दल ने आठ में से छह निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी की सूची में पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम का नाम शामिल है।प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने सभी आठ निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशी उतार दिए हैं। पार्टी की घोषित सूची में पटना स्नातक से डॉ. अनुज कुमार, दरभंगा स्नातक से डॉ. मोहम्मद इम्तियाज उर्फ नूरानी, तिरहुत स्नातक से डॉ. विमोहन कुमार और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन शामिल हैं।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना से दिव्या ज्योति, दरभंगा से एसपी राय, तिरहुत से श्याम नंदन यादव और सारण से आफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया गया है।

जन सुराज ने बदले दो नाम

जन सुराज ने उम्मीदवारों की सूची में दो बदलाव भी किए हैं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में पहले भूषण झा को प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह श्याम नंदन यादव को उम्मीदवार बनाया गया।

इसी तरह दरभंगा स्नातक सीट पर पहले रवींद्र यादव का नाम था। बाद में पार्टी ने उन्हें बदलकर डॉ. मोहम्मद इम्तियाज उर्फ नूरानी को प्रत्याशी घोषित किया। इस बदलाव के बाद पार्टी की संशोधित सूची में तिरहुत शिक्षक से श्याम नंदन यादव और दरभंगा स्नातक से नूरानी का नाम है।

आठ सीटों पर बढ़ी चुनावी हलचल

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर अब प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवार सामने आने के बाद चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं के बीच उम्मीदवारों का संपर्क अभियान भी बढ़ने की उम्मीद है। नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ सभी सीटों पर मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button